कैंसर एक घातक बीमारी है। यह किसी भी मनुष्य को हो सकती है, चाहे उसकी जीवनशैली कितनी ही स्वास्थ्य-केंद्रित क्यों न हो। केवल कुछ ही कोशिकाओं के अनियंत्रित रूप से विभाजित होने से एक ट्यूमर बन सकता है।
द्वेष आत्मा का कैंसर है, जिसके लक्षण इस शारीरिक रोग के समान ही हैं। आप एक पूर्णतः नैतिक और आध्यात्मिक जीवन जी रहे होंगे, तभी अचानक जीवन आपके सामने एक नया संबंध या परिस्थिति लेकर आता है, जो द्वेष की एक छोटी-सी चिंगारी को भड़का कर नफ़रत की अग्नि को फैलाने लगता है।
स्मरण रहे, द्वेष का यह बीज आपके भीतर ही निष्क्रिय पड़ा था, बस बढ़ने के लिए सही परिस्थितियों की प्रतीक्षा कर रहा था। आरंभ में इस वृद्धि के लक्षण सामान्य ही लगते हैं—चिड़चिड़ापन, क्रोध, हताशा आदि। परंतु बहुत जल्द, यह एक घातक ट्यूमर में परिवर्तित हो जाता है। और, कैंसर की तरह, यदि इस ट्यूमर का इलाज नहीं किया गया, तो यह आपके जीवन के अन्य हिस्सों में फैलकर उन्हें भी संक्रमित करना शुरू कर सकता है।
यदि द्वेष का यह घातक विकास आपके विवेक और सजगता रूपी चक्षुओं को दिख जाता है, तो किसी चिकित्सक की सहायता लें। और यह न भूलें कि संक्रमित हिस्सा आपका ही अभिन्न अंग है। उसका प्रेम और वात्सल्य से ध्यान रखें। आपको असली पीड़ा द्वेष की कोशिकाएँ पहुँचा रही हैं, न कि वह हिस्सा जिस पर उन्होंने आक्रमण किया है। हाँ, अत्यंत दुर्लभ स्तिथियों में रोग को फैलने से रोकने के लिए संक्रमित हिस्से को शल्य चिकित्सा द्वारा हटाना आवश्यक हो सकता है। परंतु यह निर्णय उस ब्रह्माण्डीय सत्ता पर छोड़ दें जिसने आपको यह जीवन दिया है, और जिसके ज्ञान में आपके परम कल्याण का सबसे सटीक मार्ग है।
Very true.