एक व्यक्ति घोड़े पर सवार था जो बहुत तेज़ गति से दौड़ रहा था। सड़क के किनारे खड़े एक दूसरे व्यक्ति ने उससे पूँछा, “तुम इतनी तेज़ी से कहाँ जा रहे हो?” घोड़े पर सवार व्यक्ति ने चिल्लाते हुए कहा, “मुझे नहीं पता, घोड़े से पूछो!”
– एक ज़ेन कहानी
मनुष्य का शरीर कुशलता से कार्य करने के लिए यथासंभव ऑटोपायलट पर रहता है। हमारी आँखें अनायास ही झपकती हैं। हम जो भोजन खाते हैं उसे हमें स्वयं पचाने की ज़रूरत नहीं पड़ती। न ही हमें कोई नई भाषा सीखने के लिए मस्तिष्क में न्यूरॉन्स को सावधानीपूर्वक जोड़ना पड़ता है।
हमारी सचेत भागीदारी के बिना कार्य करने की शरीर की यह क्षमता हमारी सुरक्षा के लिए प्रकृति का एक वरदान है। इस क्षमता ने हमारी सजगता के अधिकतम हिस्से को मात्र जीवित रहने की युक्तियों से पार जाने के लिए मुक्त कर दिया। मानो जैसे जीवन कहना चाहता था – “मुझे शरीर की जटिलताओं को संभालने दो, तुम जाओ और कुछ अद्भुत करो।”
परंतु फिर भी, हम लगभग पूरी तरह से ऑटोपायलट मोड में रहना पसंद करते हैं। पूरे के पूरे दिन एक ही यांत्रिक चक्र में गुज़र जाते हैं। हम पढ़ने, देखने या सुनने का दिखावा करते हैं, जबकि हमारा मन चुपचाप क्षेत्र और काल के किसी अन्य भाग में सरक जाता है। हम बिना किसी उद्देश्य के अपने फोन पर स्क्रॉल करते रहते हैं, यह जानते हुए भी कि अधिक समय तक ऐसा करने से हम ख़ुद को थका हुआ और उदास पाएँगे। यहाँ तक कि हम अपने जीवन की दिशा को भी समाज के हवाले कर देते हैं, भीड़ के ‘घोड़े’ को अपना मार्ग तय करने देते हैं।
सजगता को अपनी वर्तमान स्थिति तक विकसित होने में करोड़ों वर्ष लग गए। इससे एक बात तो स्पष्ट है – यह अमूल्य उपहार देने से पहले जीवन ने बहुत ही लंबे समय तक विचार किया। जीवन को अपने इस निर्णय पर खेद न हो, इसका उत्तरदायित्व हम सबका है।
Conversation