कुछ लोगों का मानना है कि एक शुतुरमुर्ग जब किसी शिकारी से खतरा महसूस करता है तो वह अपना सिर रेत में दबा लेता है। हालाँकि शुतुरमुर्ग के विषय में यह निश्चित रूप से एक मिथ्या भ्रांति है, लेकिन इससे हमें उस प्रजाति की मानसिकता के बारे में जानकारी मिलती है जिसने इस मिथ्या भ्रांति का आरंभ किया।
काल-रूपी भयानक शिकारी हमें भविष्य की संभावनाओं की झलकियाँ देता रहता है। कभी किसी विकलांग व्यक्ति के रूप में। किसी ऐसे वृद्ध के रूप में जिनकी स्मृति से उनका खुद का नाम भी मिट चुका है। ऐसी बीमारी के रूप में जिसने किसी संबंधी का जीवन बदल दिया। किसी दुर्घटना के रूप में जिसने एक साथ कई ज़िंदगियों का अंत कर दिया।
काल-रूपी शिकारी श्मशान-वैराग्य की एक अस्थायी भावना को तो जगा देता है। लेकिन हम इसे बिन बुलाए अतिथि की तरह शीघ्र ही अपने जीवन से बाहर निकाल देते हैं। सिर रेत में वापस चले जाते हैं, और भ्रम-प्रदेश में हमारा जीवन पहले जैसा ही चलने लगता है।
ये झलकियाँ किसी को जीवन जीने से रोकने के लिए नहीं हैं। जब राजकुमार सिद्धार्थ ने मनुष्य के दुःख की निश्चितता को देखा, तो उन्होंने जीना बंद नहीं किया। जब 7 वर्ष की उम्र में श्रीमद् राजचंद्र जी ने अपने पड़ोसी के शव का अंतिम संस्कार होते हुए देखा, तो उन्होंने जीना बंद नहीं किया। बल्कि, तीव्र वैराग्य के अविरल प्रवाह में डूबे हुए, इन महात्माओं ने जीवन के स्वरूप को समझा, और यथासंभव उच्चतम जीवन जीना शुरू कर दिया।
हम जो नहीं हैं उसकी क्षणिकता और नश्वरता को समझना, हम वास्तव में जो हैं उसकी अमरता की खोज करने का एकमात्र उपाय है।
Conversation