यदि आपने कभी कोई गर्म तवा छुआ है, या गलती से किसी फर्नीचर से टकराये हैं, तो आपने वह अनुभव किया है जिसे आमतौर पर हम पीड़ा के रूप में जानते हैं। न्यूरोलॉजी की दृष्टि से देखें तो पीड़ा मस्तिष्क का एक महत्वपूर्ण संकेत है। पीड़ा हमें शरीर में हो रहे हानिकारक परिवर्तनों के बारे में सचेत करती है, अधिक सतर्क बनाती है, और उस भूल से बचने की सीख देती है जिससे पीड़ा का जन्म हुआ।
यही कारण है कि मानसिक और भावनात्मक स्तर पर भी प्रतिकूल परिस्थितियों में पीड़ा का अनुभव सक्रिय हो जाता है। इसे एक संकेत के रूप में देखें – “स्थिति का अवलोकन करो, उससे सीखो, और भूल को सुधारो”।
लेकिन हमारा मस्तिष्क एक प्रतिकूल परिस्थिति और उसकी स्मृति के बीच कुछ कोई विशेष अंतर नहीं करता। इन दोनों से ही मस्तिष्क के जो क्षेत्र सक्रिय होते हैं उनमें काफ़ी समानता है।
अर्थात्, जब भी आप अतीत के किसी दुःखद अनुभव की स्मृति में जाते हैं, तो आपको वही संदेश बार-बार मिलता है –
अवलोकन करो, सीखो, सुधारो।
अवलोकन करो, सीखो, सुधारो।
अवलोकन करो, सीखो, सुधारो।
क्या आपको नहीं लगता कि आपके मस्तिष्क के पास, जो कि ब्रह्मांड का सबसे जटिल उपकरण है, एक ही संदेश को दोहराने से कहीं अधिक महत्त्वपूर्ण कार्य हैं? तो उसका उपयोग सम्मान और अनुकंपा से करें – संकेत को स्वीकार कर उस पर अमल करें।
और हाँ, उस गर्म तवे से अब दूर हट जाएँ।
Conversation