कुछ दिन पहले, मुझे स्टारबक्स (Starbucks) से एक ईमेल मिला। उसका विषय था: ‘आपके लिए एक छोटा सा सरप्राइज़!’
अब कॉफी से जुड़े सरप्राइज़ को भला कोई कैसे जाने दे? तो मैंने जिज्ञासा के साथ उस ईमेल को खोला। एक स्वादिष्ट Frappuccino की तस्वीर ने मेरा स्वागत किया, जिसके नीचे ये हार्दिक शब्द लिखे थे – ‘आपका साथ हमें बहुत प्रिय है, इसलिए हमारी ओर से ₹500 की छूट का आनंद लें!’
लेकिन इससे पहले कि यह ‘सरप्राइज़’ मन में पूरी तरह बैठ पाता, मेरी नज़र उस राशि के ठीक बगल में बने एक बेहद छोटे से एस्टरिस्क (*) पर पड़ी।
पूरी जानकारी के लिए मैंने नीचे स्क्रॉल किया, तो असली सौदा सामने आया – ‘अपना रिवॉर्ड अनलॉक करने के लिए इस महीने ₹4,000 ख़र्च करें।’
हल्की सी निराशा के साथ मैंने ईमेल बंद कर दिया।
दुनिया को इसी प्रकार के ‘प्रेम’ की आदत पड़ गई है – नियमों और शर्तों में लिपटा हुआ प्रेम, जो एक हाथ से आपको गले लगाता है और दूसरे हाथ में कैलकुलेटर थामे रहता है। एक ऐसा प्रेम जो देने का वादा तो करता है, लेकिन तभी जब पहले आप कुछ देने को तैयार हों।
मैं स्टारबक्स जाना जारी रखूँगा, लेकिन इस पूर्ण स्पष्टता के साथ कि हमारा रिश्ता पूरी तरह से लेन-देन का है। और कॉफ़ी के हर घूँट के साथ, हृदय में उस एक का स्मरण और प्रगाढ़ होगा जो हमसे सच में प्रेम करता है… बिना किसी एस्टरिस्क के।
Conversation